![]()
जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र के बराटांड गांव में गुरुवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई, जब इलाके में हल्की बारिश और तेज हवा चल रही थी। इसी दौरान आसमान में तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा। दोनों महिलाएं घर की छत पर रखा पुआल निकालने गई थीं। परिजन सुरेश यादव ने बताया कि उनकी भाभी रेखा देवी (पति शिवदानी यादव, उम्र लगभग 30 वर्ष) और मां रेखा देवी (उम्र 65 वर्ष) वज्रपात की चपेट में आ गईं। ठनका लगने के बाद दोनों महिलाएं छत से नीचे अल्बेस्टर पर गिरीं और फिर जमीन पर जा गिरीं। रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं
इस घटना में रेखा देवी (पति शिवदानी यादव) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, दूसरी रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों महिलाएं बराटांड गांव की निवासी हैं। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत मुआवजे की मांग की है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार सहित कई राज्यों में अगले एक सप्ताह तक तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है। बारिश होने और तेज हवाएं चलने के आसार
जमुई और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और छतों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
Source link