![]()
जमुई के सदर प्रखंड क्षेत्र के मिसिर मनीयड्डा गांव में सोमवार रात तेज आंधी-तूफान और वज्रपात हुआ। इस दौरान आसमानी बिजली एक ऊंचे ताड़ के पेड़ पर गिरी, जिससे पेड़ में भीषण आग लग गई। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार देर शाम मौसम बदलने के साथ तेज हवा और मूसलाधार बारिश शुरू हुई। इसी दौरान वज्रपात हुआ और ताड़ के पेड़ में आग लग गई। ग्रामीणों ने बाल्टी और पानी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में पूरा पेड़ जलकर राख हो गया। दोपहर बाद भी बिजली सेवा बहाल नहीं हो पाई
आंधी और बारिश के कारण इलाके में कई पेड़ और बिजली के तार टूट गए, जिससे रातभर विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जमुई शहर और कई ग्रामीण इलाकों में मंगलवार दोपहर तक भी बिजली सेवा पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई थी। बिजली विभाग को जर्जर तारों और गिरे पेड़ों के कारण मरम्मत कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ताड़ के पेड़ में आग लगने की इस घटना का वीडियो मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में तेज हवा के बीच जलते पेड़ को देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
Source link