![]()
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में दिनेश पासवान (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना शुक्रवार को रोहियामा गांव के वार्ड संख्या-6 में हुई। घायल दिनेश पासवान की पहचान मल्लू पासवान के पुत्र के रूप में हुई है। गोली उनके बाएं सीने में लगी है, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था जानकारी के अनुसार, दिनेश पासवान का गांव के ही पप्पू पासवान के परिवार के साथ लंबे समय से जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पप्पू पासवान के पुत्र सचिन कुमार ने दिनेश पासवान पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद दिनेश पासवान मौके पर ही गिर पड़े। घायल को इलाज के लिए भेजा गया परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बेलदौर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, खगड़िया रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से तनाव था। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। बेलदौर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली है। घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Source link