![]()
बक्सर में मंगलवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 2 भाइयों की मौत हो गई। दोनों अपनी बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने जा रहे थे। यह घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के देवकुली गांव के पास आरा-बक्सर फोरलेन पर हुई। मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के करनामेपुर (लालू के डेरा) निवासी बृज बिहारी पासवान के बेटे गणेश पासवान (20) और मुन्ना पासवान (22) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई मंगलवार सुबह अपने गांव से बाइक पर सवार होकर लह्ठान जा रहे थे। सड़क पर ही पड़े रहे दोनों के शव इसी दौरान देवकुली गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय तक दोनों के शव सड़क पर ही पड़े रहे, जिससे आरा-बक्सर फोरलेन पर यातायात बाधित हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ब्रह्मपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी जुट गई थी। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क किया जाम इधर, घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि NH-922 पर लगातार ट्रकों की लंबी कतार लगी रहती है और ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। उनका आरोप है कि ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव और भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण ही यह हादसा हुआ है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच कर रही है। 7 मई को बहन की थी शादी हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अचानक मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृतकों की बहन की शादी 7 मई को तय थी, जबकि 3 मई को तिलक और 6 मई को हल्दी की रस्म होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को पल भर में छीन लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Source link