Newswahni

पापा ने आंखों के सामने तड़पकर दम तोड़ दिया चोरी की शिकायत पर धमका रहे थे होमगार्ड जवान को चाकू से गोदकर मार…




गयाजी में एक बाइक के लिए होमगार्ड के रिटायर्ड जवान की सीने में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की बेटियों का कहना है कि पड़ोसी ने 8 दिन पहले पापा को धमकी दी थी। कहा था- तुम्हारी बाइक चोरी कर लेंगे या फिर तुम्हारी हत्या कर देंगे। तब हमलोगों ने धमकी को सीरियसली नहीं लिया, लेकिन मंगलवार की रात आरोपी ने वारदात को अंजाम दे ही दिया। पुलिस ने मृतक होमगार्ड के रिटायर्ड जवान के पड़ोसी और उसके पिता को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजन के बयान पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बुधवार की शाम रिटायर्ड होमगार्ड के जवान का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना गयाजी के बेलागंज थाना क्षेत्र के टिकुली गांव की है। मृतक की पहचान 47 साल के मनिंद्र यादव, जबकि आरोपियों की पहचान 19 साल के नीतीश कुमार और उसके पिता दिनेश यादव के रूप में की गई है। मनिंद्र यादव दो साल पहले होमगार्ड सेवा से वीआरएस (Voluntary Retirement Scheme) लिया था। आरोपी ने होमगार्ड के रिटायर्ड जवान की हत्या क्यों की, बाइक की चोरी का मामला क्या है, मृतक रिटायर्ड होमगार्ड के जवान की पत्नी और बेटियों का क्या कहना है, क्या हत्याकांड का कारण कोई पुराना विवाद है? पढ़ें पूरी रिपोर्ट। 8 दिन पहले नीतीश ने दी थी धमकी मनिंद्र यादव तीन बेटियों के पिता थे। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीसरी बेटी कुंआरी है। वारदात के दौरान दूसरी और तीसरी बेटी घर पर ही थी। मृतक की बेटियों ने बताया कि पापा का पड़ोसी नीतीश कुमार और उसके पिता दिनेश यादव से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। नीतीश पेशेवर बाइक चोर है और बाइक चोरी के केस में पहले भी जेल भेजा जा चुका है। मनिंद्र की छोटी बेटी सिंपी कुमारी ने बताया कि छोटे जीजा दीपक यादव कुछ दिन पहले अपनी बाइक से घर आए थे। जीजा की बाइक पर नीतीश की नजर थी। आठ दिन पहले नीतीश ने धमकी देते हुए पापा से कहा था- बाइक उठा लेंगे या फिर तुम्हें। सिंपी ने बताया कि, पापा को धमकी देने के बाद मेरे जीजा दीपक को भी नीतीश ने धमकाया था। पापा ने तो किसी से कुछ नहीं कहा था, लेकिन जीजा को धमकी मिली तो उन्होंने घर आकर परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। घर वालों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सोचा, गांव का रिश्ता है। साला-बहनोई का मामला है। मजाक में कह दिया होगा। 12 जनवरी की रात मौका पाकर नीतीश ने दीपक की बाइक चुरा ली सिंपी के मुताबिक, 12 जनवरी की रात नीतीश ने घर के बाहर लगी जीजा की बाइक को चुरा लिया। गांव के कुछ लोगों ने कहा कि नीतीश को बाइक लेकर जाते देखा है। गांव के लोगों ने नीतीश को रोकने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं रुका और बाइक लेकर भाग गया। 13 जनवरी की सुबह मनिंद्र यादव बेलागंज थाना पहुंचे। बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई। चूंकि आरोपी गांव का ही था, पड़ोसी भी था, इसलिए नामजद शिकायत नहीं कराई। सोचा कि बाइक है, पुलिस ढूंढ ही लेगी, जो आरोपी होगा उसे पकड़ भी लेगी। इसी कारण मनिंद्र यादव ने बाइक चोरी के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। 13 जनवरी की ही शाम को मनिंद्र यादव थाना से लौटे, तब अंधेरा हो चुका था। कुछ देर बैठने के बाद रात में मनिंद्र यादव बाइक चोरी की बात को लेकर गुस्सा जता रहे थे। इसी दौरान घर के सामने खड़े नीतीश ने सारी बातें सुन ली और फिर सीधा मनिंद्र यादव पर चाकू से हमला कर दिया। मनिंद्र यादव ने 5 मिनट के अंदर तोड़ा दम सिंपी ने बताया कि चाकू से हमले के बाद पापा ने शोर मचाया। हम लोग घर के बाहर आए तो पापा जमीन पर गिरे थे और तड़प रहे थे। 5 मिनट में ही तड़पकर दम तोड़ दिया। हम लोग कुछ नहीं कर पाए। चाकू से हमला करने के दौरान नीतीश मेरे पापा को गालियां भी दे रहा था। मां सुनीता देवी पापा को बचाने दौड़ी, तो आरोपी नीतीश ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इससे वो भी घायल है। मनिंद्र यादव की पत्नी बोली- सिर्फ बाइक के लिए पति की हत्या कर दी मृतक की पत्नी सुनीता देवी का कहना है कि ये पूरा कांड सिर्फ बाइक के लिए हुआ। मेरे सामने मेरे पति को चाकू मारा गया। आरोपी नीतीश का घर महज चार कदम की दूरी पर है। नीतीश के परिवार के लोगों का हमारे घर रोज का आना-जाना है। कभी कोई झगड़ा नहीं हुआ। लेकिन नीतीश की नजर दामाद की बाइक पर थी। इसी वजह से उसने पहले धमकी दी और फिर हत्या कर दी। नीतीश और उसका परिवार पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है। बाप-बेटा दोनों अपराधी हैं। नीतीश कई बार बाइक चोरी में जेल जा चुका है। आरोपी नीतीश, उसके पिता गिरफ्तार, हत्या में यूज चाकू भी बरामद डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी नीतीश और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। चाकू पर खून के निशान हैं, जिसे प्रिजर्व किया गया है। बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरी घटना का रिव्यू किया जा रहा है। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल बाइक चोरी को लेकर ही हत्या की बात सामने आ रही है। हालांकि, पीड़ित पक्ष ने पहले अज्ञात में केस दर्ज कराया था। जांच के बाद सभी पहलुओं को साफ किया जाएगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top