![]()
नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बघाड़ गांव में एक ही परिवार के चार लोग सोनपुर की गंडक नदी में डूब गए हैं। इस घटना में अब तक दो महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो मासूम बच्चे अभी भी लापता हैं। बघाड़ निवासी नंदू सिंह की नतनी की शादी सोनपुर के बैजलपुर गांव में 20 अप्रैल को हुई थी। इस वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नंदू सिंह अपने पूरे परिवार के साथ 18 अप्रैल को ही बैजलपुर पहुंचे थे। खुशियों का माहौल तब गम में बदल गया, जब बुधवार, 22 अप्रैल को शादी की रस्मों के बाद परिवार के सदस्य गंडक नदी में स्नान करने के लिए पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा स्नान के दौरान गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण रवि सिंह की 36 साल की पत्नी गुड़िया देवी, उनकी 45 साल कीबहन बबीता देवी, 14 साल की रिया कुमारी और 12 साल के बेटा रिशु कुमार नदी की तेज धार में बह गए। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें गुड़िया देवी और बबीता देवी के शवों को निकाल लिया गया है। प्रशासन ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। रिया और रिशु का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
इस भीषण हादसे के बाद बघाड़ गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर घर में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के दर्जनों लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए सोनपुर रवाना हो गए हैं। रवि सिंह दिल्ली में एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता नंदू सिंह गांव में ही रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। एक साथ परिवार के चार सदस्यों के साथ हुए इस हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे शोक में तब्दील कर दिया है।
Source link