![]()
किशनगंज नगर परिषद ने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है। प्रतिबंध के बावजूद प्लास्टिक की आपूर्ति कर रहे होलसेल विक्रेताओं को परिषद ने चिन्हित कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 माइक्रोन से पतले प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। इसके बावजूद, किशनगंज शहर सहित जिले के दर्जनों बाजारों में इसका उपयोग लगातार जारी है। दुकानदारों के द्वारा चोरी छुपे इसका उपयोग किया जा रहा है जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। जिसे रोकने के लिए नगर परिषद ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। होलसेल विक्रेताओं के खिलाफ जल्द ही छापेमारी की जाएगी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि चिन्हित किए गए होलसेल विक्रेताओं के खिलाफ जल्द ही छापेमारी की जाएगी और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, दुकानदारों द्वारा उपयोग किए जा रहे प्लास्टिक पर भी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लास्टिक बैन को लेकर पूर्व में कई बार दुकानदारों और नगरवासियों को सूचना दे दी गई है। बावजूद इसके नियमों का उल्लंघन करने वालों को व्यापारियों और हॉल सेल विक्रेताओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया, शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और उचित कार्रवाई भी की जाएगी।
Source link