![]()
कटिहार में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को सरकारी सब्सिडी का लाभ दिलाने के उद्देश्य से एनबीपीडीसीएल कटिहार ने पहल की है। इसी क्रम में, 16 अप्रैल को टाउन हॉल में आयोजित होने वाले ‘सोलर मेला’ के सफल आयोजन के लिए बुधवार, 15 अप्रैल को विभाग द्वारा एक जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व कार्यपालक अभियंता धीरज सिंह ने किया। इस बाइक रैली में बिजली विभाग के लगभग 250 कर्मी शामिल हुए। इनमें सहायक अभियंता अर्बन, सभी कनीय विद्युत अभियंता और अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। सभी कर्मियों के हाथों में सोलर मेला और सब्सिडी योजना से संबंधित जागरूकता बैनर-पोस्टर थे, जिनके माध्यम से लोगों से 16 अप्रैल को टाउन हॉल पहुंचकर सोलर योजना का लाभ उठाने की अपील की गई। एनबीपीडीसीएल कार्यालय के पास ब्रह्मचारी फील्ड में समाप्त हुई बाइक रैली बाइक रैली कटिहार सदर प्रखंड से शुरू हुई और हाजीपुर, हृदयगंज चौक, मिर्ची बड़ी चौक, तेजा टोला, पंत चौक, हवाई अड्डा, शरीफ गंज जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरी। यह रैली बरमसिया स्थित एनबीपीडीसीएल कार्यालय के पास ब्रह्मचारी फील्ड में समाप्त हुई। लगभग 12 किलोमीटर लंबे इस रूट पर रैली ने शहर के प्रमुख बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों को कवर किया, जहां लोगों ने इसका स्वागत किया और योजना की जानकारी प्राप्त की। कार्यपालक अभियंता धीरज सिंह ने बताया कि बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य शहर के बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने जानकारी दी कि 16 अप्रैल को टाउन हॉल में एक सोलर मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में विभाग का एक विशेष शिविर होगा, जहाँ उपभोक्ता सोलर रूफटॉप योजना की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और मौके पर ही आवेदन भी कर सकेंगे। सोलर मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा धीरज सिंह ने आगे बताया कि सरकार की योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने पर पर्याप्त सब्सिडी मिल रही है। इससे न केवल बिजली का बिल कम होगा, बल्कि बिजली की खपत भी घटेगी और पर्यावरण को भी लाभ होगा। सोलर मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जहां उपभोक्ताओं को वन-स्टॉप सुविधा मिलेगी। इसमें सोलर वेंडर, बैंक और विभाग के अधिकारी एक ही छत के नीचे मौजूद रहेंगे। उपभोक्ता अपनी छत का साइज, बिजली लोड और बजट के हिसाब से सोलर प्लांट का चयन कर सकेंगे। सब्सिडी के लिए जरूरी कागजात जमा कराने से लेकर लोन तक की सुविधा मेले में ही मिलेगी। एनबीपीडीसीएल ने अपील की है कि कटिहार के सभी घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता 16 अप्रैल को टाउन हॉल जरूर पहुंचें और सौर ऊर्जा से जुड़कर ‘जीरो बिल’ की ओर कदम बढ़ाएं। विभाग का लक्ष्य है कि इस मेले के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना से जोड़ा जाए।
Source link