
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में बीती रात भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। धौलाना-गुलावटी रोड पर बारातियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में कई बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात वापस लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गई। शादी समारोह संपन्न कर सभी खुशी-खुशी वापस लौट रहे थे, तभी कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर उनकी बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई एक हाइड्रा ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
SP ज्ञानंजय सिंह ने बताया, “धौलाना-गुलावटी सड़क पर यात्रियों से भरी एक बस की टक्कर एक ट्रक से हो गई। ये यात्री एक बारात से लौट रहे थे। पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं, जांच-पड़ताल की और राहत कार्य शुरू कर दिया। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जिनमें से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 घायल लोगों का इलाज चल रहा है।”
एसपी ने बताया कि “ट्रक को मौके से हटा दिया गया है और अब यातायात की स्थिति सामान्य है। मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं और कानूनी कार्रवाई जारी है। बस में कुल 12 लोग सवार थे। इनमें से एक व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और संभवतः वह बस का ड्राइवर था।”