![]()
कटिहार में 50 वर्षीय फुलो देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना आजमनगर थाना क्षेत्र के आलमपुर वार्ड संख्या 12 की है। मृतका के पति बच्चू लाल ठाकुर ने बताया कि फुलो देवी पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। लगातार इलाज के बावजूद उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हो रहा था। परिवार आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहा था। बीमारी और गरीबी की दोहरी मार के कारण फुलो देवी मानसिक तनाव में रहने लगी थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पंचायत के स्थानीय जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील सिंहा ने भी बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि गांव की महिला लंबी बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान थी, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।
Source link