![]()
सहरसा नगर निगम क्षेत्र के सुखासन वार्ड संख्या 3 स्थित सुखेश्वर नाथ मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और दान पेटी से करीब 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष है और उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। चोरी से पहले मंदिर परिसर में लगे हाई मास्ट लैंप किए बंद ग्रामीण दिनेश यादव के अनुसार, बुधवार रात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से मंदिर को निशाना बनाया। चोरी से पहले मंदिर परिसर में लगे हाई मास्ट लैंप की लाइट बंद कर दी गई थी। इसके बाद चोरों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़ा, अंदर प्रवेश किया और दान पेटी तोड़कर श्रद्धालुओं की चढ़ावे की राशि लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब उन्हें चोरी का पता चला। टूटे हुए ताले और क्षतिग्रस्त दान पेटी देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना मीडिया को दी। ग्रामीणों का कहना है कि सुखेश्वर नाथ मंदिर गांव की पहचान और आस्था का केंद्र है, इसलिए इस घटना से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती की कमजोर व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और नियमित पुलिस गश्ती की मांग की है। सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link