
Bihar Hooch Tragedy: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद लोग जहरीली शराब से दम तोड़ रहे हैं। ताजा मामला राज्य के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले का है, जहां चार लोगों की मौत हो गई है। इसे लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस बीच, मंत्री रामकृपाल यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा की इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। संलिप्त पाए जाने वाले दोषियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार ने हाल ही में जहरीली शराब से हुई मौतों के बावजूद शराबबंदी को पूरी तरह से सफल बताया। उन्होंने कहा कि छिटपुट घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन सरकार ऐसे मामलों में सख्त एक्शन ले रही हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि ‘हत्या के खिलाफ भी कानून है, इसके बाद भी अपराध होते हैं।’
मंत्री ने तेजस्वी यादव पर कसा तंज
वहीं तेजस्वी यादव के ‘बिहार में जहरीली शराब की होम डिलीवरी हो रही’ वाले आरोप पर मंत्री ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें इतना ही पता हैं तो वह बताएं कि उनका नाम CID से भी बड़ा हो जाएगा।
दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा- रामकृपाल यादव
मंत्री रामकृपाल यादव का यह भी कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई थी। अब फिर से की जाएगी। वहीं भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि मोतिहारी का विषय सरकार के संज्ञान में है।
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, ‘जहरीली शराब की घटना हुई है। 5 लोगों की मौत हुई और कुछ लोग अंधापन का शिकार हुए हैं। सरकार ने इसको गंभीरता से लिया है और जो लोग भी इसमें संलिप्त पाए जाएंगे उनको कड़ी से सजा मिलेगी। पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं। नीतीश कुमार के सुशासन में बहुत कम घटना हुई है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और फिर की जाएगी।’
सरकार के संज्ञान में मोतिहारी का विषय- भाजपा अध्यक्ष
वहीं भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, ‘बिहार में शराब बंदी है। प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रही है। मोतिहारी का विषय सरकार के संज्ञान में है। त्वरित गति से वहां छापेमारी की गई है कार्रवाई की गई है। जो भी मामले संज्ञान में आते हैं सरकार कार्रवाई करती है।’
शराबबंदी कानून की विफलता- तेजस्वी यादव
इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है।
तेजस्वी यादव ने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, ‘मोतिहारी में जहरीली शराब के कारण 4 लोगों की मौत, 6 लोगों की आंखों की रोशनी चले जाना और कई लोगों की हालत गंभीर होना अत्यंत दुखद है। यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है। हालांकि, यह बिल्कुल भी पहली बार नहीं है।’
‘शराबबंदी के बाद से अबतक 1300 से अधिक मौत’
वह आगे कहते हैं, ‘उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक बिहार में जहरीली शराब से 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यह तो केवल सरकारी आंकड़ा है, हकीकत में यह संख्या इससे कहीं अधिक है। इतना ही नहीं, कई दर्जन लोग अपनी आंखों की रोशनी भी खो चुके हैं।’
‘जहरीली शराब की हो रही होम डिलीवरी’
उन्होंने आगे सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘शराबबंदी कानून का मूल उद्देश्य अब पूरी तरह भटक चुका है। यह कानून सत्ताधारी भाजपा-जदयू के कुछ नेताओं, भ्रष्ट अधिकारियों और उनके संरक्षण में पल रहे शराब माफियाओं और भ्रष्ट तंत्र के लिए कमाई का कमाऊ पूत बन गया है।’
आरजेडी नेता ने दावा किया कि बिहार में खुलेआम जहरीली शराब बन रही है, धड़ल्ले से पुलिस की मिलीभगत से बेची जा रही है, घर-घर होम डिलीवरी हो रही है। सरकार की नाक के नीचे यह सब चल रहा है और इसकी कीमत बिहार के गरीब और आम लोग अपनी जान देकर चुका रहे हैं।