
IMD Rainfall Alert: भारत मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि लगातार तीन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों (western disturbances) की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में इस पूरे सप्ताह छिटपुट बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। कई जगह भारी बारिश भी दर्ज की जा रही है।
असम के अलग-अलग इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजस्थान और दिल्ली में सोमवार (23 मार्च) सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे सुबह का मौसम ठंडा और सुहावना रहा। वहीं ओडिशा के पुरी में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से भगवान जगन्नाथ का मंदिर पूरी तरह धुंध में छिप गया।
मौसम विभाग ने कुछ राज्यों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है:
हिमाचल प्रदेश,
उत्तराखंड,
पूर्वी राजस्थान ,
सिक्किम,
असम,
मेघालय,
अरुणाचल प्रदेश,
नगालैंड,
मणिपुर,
मिजोरम,
त्रिपुरा,
मध्य महाराष्ट्र-मराठवाड़ा,
आंध्र प्रदेश-रायलसीमा,
वहीं कोंकण-गोवा और केरल में आज उमस भरा मौसम रहेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है।
बैक-टू-बैक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, दिल्ली, बिहार और झारखंड में तापमान गिर गया है। हालांकि दोपहर के बाद इन राज्यों में मौसम सामान्य हो जा रहा है।
IMD के मुताबिक 26 मार्च से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इससे कई जगहों पर तेज बारिश और आंधी के हालात बन सकते हैं। लेकिन उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 5 दिनों में तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
वहीं तीन दिन पहले हुई बर्फबारी ने हिमालयी इलाकों को खूबसूरत बना दिया है। तस्वीरें सामने आई जिसमें, उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम की वादियां बर्फ से ढककर मनमोहक नजारा पेश कर रही हैं। हिमाचल में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास बर्फ से ढके रास्ते पर लोग अभी भी सड़क साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। र्वी सिक्किम में भारी बर्फबारी के बीच BRO की टीम फावड़े और स्नो कटर लेकर रास्ते साफ करने पहुंची। वहीं, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम पूरी तरह बर्फ से ढका हुआ है। ऐसे में पहाड़ों पर निकले यात्री और स्थानीय लोग सावधानी बरतें।