![]()
सुपौल के जदिया थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी लूट की वारदात टल गई। इस मामले में पुलिस ने देसी कट्टा के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जदिया थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने जानकारी देते हुए बताया कि अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के गम्हरिया वार्ड संख्या-13 निवासी कुमोद कुमार किराना सामान खरीदने के लिए भरगामा जा रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुर सायफन नहर के पास दो बदमाशों ने उन्हें हथियार के बल पर रोककर लूटपाट करने की कोशिश की। दो मोटरसाइकिलों की रोशनी देखकर बदमाश घबरा गए पीड़ित कुमोद कुमार के अनुसार, तभी सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों की रोशनी देखकर बदमाश घबरा गए और मौके से भागने लगे। इस दौरान उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जिसके पास से देसी कट्टा बरामद हुआ, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी को पहचान के लिए गोविंदपुर हाट ले जाया गया, जहां उसकी पहचान गोविंदपुर वार्ड संख्या-1 निवासी मिट्ठू कुमार के रूप में हुई। हालांकि, वह वहां से भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही जदिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके घर पर छापेमारी कर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस वारदात में शामिल उसके सहयोगी राहुल कुमार ऋषिदेव को भी गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ ने जदिया थाना पहुंचकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की गिरफ्तारी के बाद त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ ने जदिया थाना पहुंचकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है और मामले में अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच जारी है।
Source link