
President Draupadi Murmu in Ayodhya: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (19 मार्च) अयोध्या के राम मंदिर पहुंची। यहां उन्होंने दूसरे फ्लोर पर बने राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना की, इस दौरान पुजारियों ने मंत्रोच्चारण किया, जिससे पूरा मंदिर शुभ मंत्रों से गूंज उठा, जो काफी अद्भुत था। इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रामलला के दर्शन किए और आरती उतारी। इस खास अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, सदस्य जगद्गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ और तीन आचार्य भी मौजूद रहे।
राम मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले लोग भी हुए शामिल
राममंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना के बाद आयोजित कार्यक्रम में हजारों रामभक्तों को स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज और सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया। श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने कहा कि, ‘इसके साथ ही 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद प्रभु श्रीराम के मंदिर का निर्माण परिपूर्ण हो गया है।’ बतादें, कार्यक्रम में राम मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को आमंत्रित किया गया था। इनमें वो लोग भी शामिल रहे जो 1984 से ही राम मंदिर आंदोलन से जुड़े हुए थे।
सत्ता को बचाने के लिए आस्था को बोलते थे अंधविश्वास- CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम यंत्र की स्थापना के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। इसके बाद कहा कि, ‘जिस आस्था को पहले अंधविश्वास कहकर अपमानित किया गया था। अपमानित करने वाले वही लोग हैं जो उत्तर प्रदेश या देश की सत्ता में रहते थे अपनी सत्ता को बचाने के लिए वे नोएडा नहीं जाते थे वह उनके लिए अंधविश्वास और रूढ़िवादी नहीं था। लेकिन राम मंदिर की बात करना काशी में काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण की बात करना और मथुरा वृंदावन की बात करना उनके लिए अंधविश्वास का पर्याय था।’
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दूसरा अयोध्या दौरा
इस अवसर सीएम योगी ने सभी रामभक्तों को नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं। बात दें रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद राष्ट्रपति का यह दूसरा अयोध्या दौरा है। इससे पहले वह 1 मई 2024 को अयोध्या आई थीं, तब उन्होंने हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया था।