![]()
मधुबनी के मधवापुर प्रखंड स्थित साहरघाट थाना क्षेत्र में सोमवार रात दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य युवक घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना साहरघाट-बसेठ दरभंगा एसएच सड़क पर त्रिमुहान चौक से पहले एक टावर के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला। चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया घायलों को एम्बुलेंस की मदद से बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान त्रिमुहान गांव निवासी अशर्फी चौपाल के 18 वर्षीय पुत्र विजय चौपाल और समदा टोला इस्मालिया निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद शाहरुख के रूप में हुई है। विजय चौपाल के साथ बाइक पर सवार नीतीश और किशन घायल हुए हैं, जबकि मोहम्मद शाहरुख के साथ मोहम्मद गुलरेज और मोहम्मद सावन भी घायल हैं। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए मधुबनी सदर अस्पताल रेफर किया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया गया स्थानीय वार्ड सदस्य उमेश कुमार साह ने बताया कि इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने जानकारी दी कि एक बाइक सवार साहरघाट से अपने घर लौट रहा था, जबकि दूसरा अपने घर से बिशनपुर की ओर जा रहा था, तभी यह टक्कर हुई। साहरघाट थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया गया है और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link