
UPSSSC Recruitment 2026 | Image:
Republic
Sarkari Naukri 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने दिव्यांग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विशेष शिक्षा शिक्षकों (JTC ग्रेड) के पदों पर भर्ती निकाली है।
यह भर्ती दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विशेष विद्यालयों के लिए की जा रही है, जो श्रवण बाधित, दृष्टि बाधित, शारीरिक रूप और मानसिक रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करेंगे।
इस भर्ती के लिए इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
PET स्कोर के आधार पर चयन प्रक्रिया
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त ‘प्रारंभिक पात्रता परीक्षा’ (PET-2025) में सम्मिलित होना है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग उनके PET-2025 के स्कोर के आधार पर ही की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को PET-2025 में शून्य, नकारात्मक या शून्य से कम अंक प्राप्त हुए हैं, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
हालांकि, जिन अभ्यर्थियों का PET रिजल्ट ‘Under Investigation’ (UI) या ‘Provisional’ श्रेणी में है, वे जांच के अंतिम परिणाम के अधीन रहते हुए फिलहाल अस्थायी रूप से आवेदन कर सकते हैं।
पदवार योग्यता और जरूरी शर्तें
भर्ती के तहत अलग-अलग श्रेणी के दिव्यांग स्कूलों के लिए विशिष्ट योग्यताएं निर्धारित की गई हैं-
- श्रवण बाधित स्कूलों के लिए: 12वीं पास होने के साथ RCI से मान्यता प्राप्त विशेष शिक्षा (Hearing Impairment) में डिप्लोमा अनिवार्य है। साथ ही सांकेतिक भाषा का ज्ञान होना चाहिए।
- दृष्टिबाधित स्कूलों के लिए: 12वीं के साथ विशेष शिक्षा (Visual Impairment) में डिप्लोमा और ब्रेल लिपि का पूर्ण ज्ञान आवश्यक है। संगीत शिक्षकों के लिए संगीत में डिप्लोमा भी अनिवार्य है।
- शारीरिक/मानसिक विकलांग स्कूलों के लिए: इंटरमीडिएट के साथ संबंधित दिव्यांगता श्रेणी (Cerebral Palsy/Mental Retardation) में RCI डिप्लोमा होना चाहिए।
- सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी पदों के लिए उम्मीदवार का ‘भारतीय पुनर्वास परिषद’ (RCI) में विशेष शिक्षक के रूप में पंजीकरण होना अनिवार्य है।
कहां कितने पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती के माध्यम से कुल 58 पदों को भरा जाएगा, जिन्हें विभिन्न विशिष्ट श्रेणियों में विभाजित किया गया है। सबसे अधिक 24 पद श्रवण बाधित स्कूलों के प्रशिक्षित शिक्षकों के लिए हैं। इसके अलावा, दृष्टिबाधित विद्यालयों के लिए 9 संगीत शिक्षक और 3 सामान्य प्रशिक्षित शिक्षकों के पद शामिल हैं। शारीरिक रूप से विकलांग विद्यालयों के लिए 8 पद, ‘ममता’ मानसिक रूप से विकलांग विद्यालयों के लिए 7 पद और ‘प्रयास’ विद्यालयों के लिए 3 पद निर्धारित किए गए हैं। साथ ही, स्पर्श दृष्टिबाधित श्रेणी के तहत 4 पदों पर विशेष चयन (Special Selection) के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी।
आवेदन की अंतिम तिथि
योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। ऑनलाइन एप्लिकेशन विंडो 13 मार्च 2026 से खुलेगा और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल 2026 निर्धारित है।
कैसे करें अप्लाई?
उम्मीदवारों को अपने PET-2025 रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से लॉगिन करना होगा और अपनी व्यक्तिगत व शैक्षणिक जानकारी सही-सही भरनी होगी। चूंकि यह एक विशेष श्रेणी की भर्ती है, इसलिए दस्तावेजों के सत्यापन (Document Verification) के समय RCI प्रमाणपत्र और विशेष शिक्षा के डिप्लोमा की बारीकी से जांच की जाएगी।