![]()
मधुबनी के बासोपट्टी प्रखंड स्थित खौना सीमा चौकी पर 48वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जयनगर द्वारा आयोजित ‘शहीद मुख्य आरक्षी सिकंदर यादव स्मृति वॉलीबॉल प्रतियोगिता’ संपन्न हो गई। बुधवार शाम को हुए फाइनल मुकाबले में एसएसबी जयनगर की टीम ने पिपरौन को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना और सुरक्षा बलों तथा स्थानीय समुदाय के बीच समन्वय व सहयोग को मजबूत करना था। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि हरलाखी के विधायक सुधांशु शेखर थे। कार्यवाहक कमांडेंट हरेंद्र सिंह ने पारंपरिक शाल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। समारोह में मुख्य अतिथि ने शहीद मुख्य आरक्षी सिकंदर यादव की स्मृति में दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 48वीं वाहिनी, एसएसबी जयनगर और पिपरौन की टीम के बीच खेला गया। एसएसबी जयनगर की टीम ने यह मुकाबला 25-21, 22-25, 25-17, 14-25 और 15-09 के स्कोर से जीता। मैच के दौरान दोनों टीमों ने बेहतरीन समन्वय और खेल भावना का परिचय दिया। फाइनल मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, खेल प्रेमी और एसएसबी के अधिकारी व जवान उपस्थित थे। विधायक सुधांशु शेखर ने विजेता और उप-विजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। विजेता टीम एसएसबी जयनगर को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन की प्रेरणा देते हैं, और ऐसे आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध होते हैं।
Source link