![]()
खगड़िया में होली के दिन 2 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम अज्ञात अपराधियों ने दी है। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना जिले के जिले के परबत्ता क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान पसराहा थाना क्षेत्र के भोरकाठ गांव निवासी 20 वर्षीय गुलशन कुमार (पिता सदानंद मंडल) और 21 वर्षीय नीरज कुमार (पिता अनिल मंडल) के रूप में हुई है।वहीं, घायल युवक अजेश कुमार (पिता विजय कुमार) है। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। सिलसिलेवार पढ़िए, पूरी खबर… होली पर ससुराल गया था युवक
होली के मौके पर गुलशन कुमार अपनी पत्नी को लेकर अपने दो दोस्तों नीरज कुमार और अजेश कुमार के साथ नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र स्थित मोरकहिया गांव अपनी ससुराल गया था। पत्नी को वहां छोड़ने के बाद तीनों युवक अपने मौसिया ससुराल बोरवा गांव चले गए थे। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब चार बजे वे तीनों वहां से अपने गांव लौटने के लिए निकले थे। रास्ते में वे अलग-अलग गांवों से होकर गुजर रहे थे और उसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया। बदमाशों ने तीनों युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश
शाम को घर के लिए निकले तीनों युवक देर रात तक अपने गांव नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के गांवों और परिचितों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई और परिजनों के साथ मिलकर रातभर युवकों की तलाश करती रही। हालांकि रातभर की खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही थी और पूरे गांव में अनहोनी की आशंका जताई जाने लगी थी। सुबह सड़क किनारे मिले दो शव
शुक्रवार सुबह जब लोगों की नजर कलबलिया धार के पास सड़क किनारे पड़ी तो वहां दो युवकों के शव पड़े मिले। यह खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पहचान होने पर पता चला कि मृतक गुलशन कुमार और नीरज कुमार हैं। वहीं तीसरा युवक अजेश कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद हो सकता है। बताया जा रहा है कि घायल युवक अजेश कुमार का एक आरोपी की बहन के साथ प्रेम संबंध था, जिसे लेकर पहले से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में अपराधियों ने तीनों युवकों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उधर, जैसे ही दोनों युवकों का शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया। गुलशन कुमार की शादी पिछले साल ही हुई थी और उसका दो महीने का मासूम बेटा भी है। होली की खुशियां देखते ही देखते पूरे गांव में मातम में बदल गईं।
Source link