![]()
मधुबनी जिले के नरहिया थाना क्षेत्र में एक शिक्षक से बाइक लूटने वाले पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने 72 घंटे के भीतर इस लूटकांड का खुलासा करते हुए अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, लूटी गई बाइक और अन्य सामान बरामद किए हैं। मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने मंगलवार शाम बताया कि 1 मार्च की सुबह नरहिया थाना क्षेत्र में एक शिक्षक अपनी बाइक पर जा रहे थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर उनकी बाइक लूट ली थी। शिक्षक ने 2 मार्च को नरहिया थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। घटनास्थल का मुआयना कर केस किया दर्ज सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निर्लेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और संबंधित धाराओं के तहत कांड संख्या 14/26 दर्ज किया। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए फुलपरास एसडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसूचना संकलन के आधार पर फुलपरास थाना के मुरली गांव से पांच संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में सभी अभियुक्तों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार, लूटी गई मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किए गए। बरामद वस्तुओं में एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सूरज चौपाल, चितरंजन कुमार यादव, मिथिलेश कुमार चौपाल (सभी ग्राम मुरली) तथा अभिषेक चौपाल और सत्तू चौपाल (दोनों ग्राम मेनहा, थाना फुलपरास, जिला मधुबनी) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को मंगलवार शाम न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस उनके खिलाफ विधि सम्मत अग्रिम कार्रवाई कर रही है। एसपी मधुबनी ने टीम को बधाई देते हुए अपराधियों को चेतावनी दी कि अपराध की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फुलपरास अनुमंडल में पुलिस सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link