
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने बिहार, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से कुल नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। उम्मीदवारों का चयन मजबूत संगठनात्मक आधार और क्षेत्रीय प्रभाव को ध्यान में रखकर किया गया है।
देश में राज्यसभा की कुल 37 सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें विभिन्न राज्यों से चुनाव होने जा रहे हैं। बिहार समेत 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होने हैं। अधिसूचना 26 फरवरी को जारी हुई थी। नामांकन प्रक्रिया के लिए केवल एक दिन बचा है। नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च है, मगर 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टी के कारण नामांकन के लिए केवल 5 मार्च का दिन ही बचा है। इससे पहले बीजेपी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की
बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार बने उम्मीदवार
बिहार से बीजेपी ने पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर भरोसा जताया है। उनके साथ ही युवा नेता शिवेश कुमार को भी राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है। शिवेश कुमार पार्टी के सक्रिय और युवा चेहरों में शामिल हैं, जिन्हें संगठन में अच्छी पकड़ मानी जाती है। राज्य में कुल पांच सीटें खाली हो रही हैं। चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल से बीजेपी ने राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जो राज्य में पार्टी के प्रमुख चेहरों के रूप में जाने जाते हैं।
वहीं, नितिन नवीन, जो पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके हैं, पार्टी में मजबूत छवि रखते हैं। 20 जनवरी को उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। महज 46 साल के नितिन नबीन को पार्टी ने भरोसा जताया। वह बीजेपी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने है। उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भूमिका को देखते हुए यह उम्मीदवारी पार्टी की बिहार में रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही है।