![]()
राज्य के 91 डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों में स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे हॉस्टलों में रहनेवाले छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह जानकारी एससी-एसटी कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने दी। शुक्रवार को प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सभी विद्यालयों में आपात स्थिति से निपटने के लिए बहुद्देश्यीय वाहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि सरकार ने 720 सीटों की क्षमता वाले 40 नए आवासीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया है। इन्हें जल्द शुरू किया जाएगा। आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 एवं 6 में नामांकन के लिए 1 लाख 3 हजार 195 आवेदन मिले हैं। वर्ग 1 से 11 तक के 25 लाख छात्रों को विभाग की आेर से छात्रवृत्ति दी जाती है। पिछले कैबिनेट में छात्रवृत्ति को दोगुना किया गया है। प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि राज्य के साथ-साथ केंद्र सरकार से संचालित संस्थानों के छात्रों के शिक्षण समेत सभी अनिवार्य शुल्कों का भुगतान सरकार करेगी। मुख्यमंत्री मेधावृत्ति योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 1 लाख 63 हजार 826 एससी-एसटी छात्रों को 164 करोड़ 66 लाख रुपए दिए गए हैं।
Source link