
Bihar Police Bharti | Image:
REPUBLIC
Sarkari Naukri 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बेहतरीन खबर है। केंद्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती (CSBC) ने राज्य पुलिस विभाग में कांस्टेबल ऑपरेटर के रिक्त पदों को भरने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 993 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
पुलिस विभाग में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले योग्य उम्मीदवार 1 मार्च 2026 से अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से विज्ञान विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। वहीं, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अंकों की सीमा 45 प्रतिशत रखी गई है।
फिजिकल टेस्ट के लिए क्या जरूरी?
भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को शारीरिक रूप से भी फिट होना भी जरूरी है, जिसमें सामान्य और पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर तय की गई है। वहीं, उनका सीना बिना फुलाए 81 सेमी और फुलाकर 86 सेमी तय किया गया है।
अत्यंत पिछड़ा वर्ग और SC/ST वर्ग के पुरुषों के लिए लंबाई में छूट देते हुए इसे 160 सेंटीमीटर रखा गया है। वहीं, महिला उम्मीदवारों के लिए उनकी न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर और वजन कम से कम 48 किलोग्राम होना जरूरी है।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कुल तीन चरणों में किया जाएगा। इसके लिए सबसे पहले आवेदकों को एक लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) के लिए बुलाया जाएगा। जो उम्मीदवार शारीरिक परीक्षा पास करेंगे, उनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसके बाद ही एक फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
कितनी होगी सैलरी?
इन सभी प्रक्रियाओं के बाद एक फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। चयनित होने वाले युवाओं को लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से लेकर 69,100 रुपये तक का मासिक सैलरी और अन्य सरकारी भत्ते दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी CSBC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरा नोटिफिकेशन देख सकते हैं।
देखें नोटिफिकेशन