![]()
मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र की बिशनपुर श्रीराम पंचायत के मारकन गांव में बुधवार शाम अगलगी हो गई। मशरूम उत्पादन केंद्र, गोशाला और भूसा गोदाम जलकर राख हो गए, जिससे करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है। पीड़ित राजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने एक ही परिसर में मशरूम उत्पादन केंद्र, गोशाला और भूसा गोदाम बना रखा था। शाम के समय अचानक बिजली के तारों से निकली चिंगारी से आग फैल गई। आग की लपटें उठते ही स्थानीय ग्रामीण और पूर्व वार्ड सदस्य कौशल किशोर शर्मा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने गोशाला में बंधी गायों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे उनकी जान बच गई। छोटी दमकल की गाड़ी का पानी खत्म
घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना की पुलिस और मिनी दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि मिनी दमकल का पानी कुछ ही देर में खत्म हो गया और आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति को बिगड़ते देख तुरंत जिला मुख्यालय से बड़ी दमकल गाड़ी मंगवाई गई। जिला मुख्यालय से पहुंची बड़ी दमकल और स्थानीय लोगों के करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें। स्थानीय सकरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
Source link