
वसुरक्षा एजेंसियों ने भारत को दहलाने की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें से छह आरोपियों की गिरफ्तारी तमिलनाडु तो दो को पश्चिम बंगाल से अरेस्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि ये लोग पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों के इशारे पर देश में आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद हुए हैं। फिलहाल इन सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में दिल्ली लाया जा रहा है।
ISI और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के इशारे पर रच रहे थे प्लानिंग
दिल्ली पुलिस ने बयान में बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेशी आतंकवादी संगठनों के सपोर्ट से एक बड़ी आतंकवादी साजिश रचने के आरोप में तमिलनाडु से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने मुताबिक गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के तौर पर हुई है। ये सभी एंटी-सोशल एक्टिविटी में शामिल हैं। वे पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों के सपोर्ट में सोशल मीडिया पर कंटेंट पोस्ट कर रहे थे। दो आरोपियों को उथुकुली से, तीन को पल्लदम से और एक को थिरुमुरुगनपूंडी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
फर्जी आधार कार्ड, गारमेंट इंडस्ट्री में कर रहे थे काम
पुलिस ने बताया कि वे नकली आधार कार्ड का इस्तेमाल करके अपनी पहचान छिपाकर गारमेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे थे। ऑपरेशन के दौरान आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए। आतंकवादियों की मदद करने के शक में इन आरोपियों ने कई शहरों की रेकी की थी। दिल्ली में “फ्री कश्मीर” के पोस्टर लगाए गए थे। सभी आरोपियों को ट्रेन से दिल्ली लाया जा रहा है। मामले में जांच जारी है।
दिल्ली लाने पर इन आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि साजिश का मकसद क्या था और देश के किन-किन इलाकों को निशाना बनाया जा सकता था। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कई स्तरों पर की जा रही है। संदिग्धों की गिरफ्तारी से इसमें आगे और भी खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल देशभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।