![]()
बांका सदर थाना क्षेत्र के कटेली मोड़ स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला के बैंक खाते से लाखों रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया। पीड़िता की पहचान बगल के गांव निवासी अनीता देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक ने महिला के खाते से अवैध रूप से बड़ी राशि निकाल ली। जानकारी के अनुसार, अनीता देवी ने हाल ही में अपने खाते में जमा राशि की निकासी के लिए बैंक का रुख किया था। बैंक में खाते की जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि उनके खाते में कोई भी राशि शेष नहीं है। यह सुनते ही महिला हैरान रह गई और तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ संबंधित ग्राहक सेवा केंद्र पहुंची और संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पूरी राशि वापस दिलाने का आश्वासन मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग वहां पहुंचे और महिला व उसके परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जनप्रतिनिधियों ने महिला को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि हेराफेरी हुई है तो ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से पूरी राशि वापस दिलाई जाएगी। ऐसे ग्राहक सेवा केंद्रों की नियमित जांच करने की मांग आश्वासन के बाद महिला और उसके परिजन शांत हुए। घटना की जानकारी बांका सदर थाना क्षेत्र में फैलते ही यह चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे ग्राहक सेवा केंद्रों की नियमित जांच हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। यह घटना कटेली मोड़ इलाके में बैंकिंग सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।
Source link