
Holi Special Trains 2026: होली और दिवाली के मौके पर अक्सर ट्रेनों की मारामारी होती है और लोग अपने घर या होमटाउन नहीं जा पाते। इसी समस्या को देखते हुए, होली के मौके पर भारतीय रेलवे ने खुशियों की सौगात दी है। त्योहार के दौरान घर जाने वालों के लिए मध्य रेलवे ने 24 अतिरिक्त होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का बड़ा फैसला लिया है। इसके साथ ही अब कुल स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 240 हो गई है।
ये ट्रेनें मुख्य रूप से मुंबई (LTT), पुणे और हडपसर से कानपुर और झांसी जैसे प्रमुख शहरों के बीच चलेंगी। जिससे उत्तर भारत जाने वाले हजारों प्रवासियों को कंफर्म टिकट मिल सकेगा। इसमें मुंबई से यूपी के कानपुर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ट्रेन नंबर 04152/04151 संचालित करेगा। वहीं, झांसी (वीरांगना लक्ष्मीबाई) और बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों के लिए ट्रेन नंबर 01921/01923 संचालित की जाएगी।
मुंबई से कानपुर सेंट्रल के लिए विशेष ट्रेन
रेलवे ने फैसला लिया है कि मुंबई से कानपुर के लिए ट्रेन नंबर 04152 चलेगी। यह ट्रेन 7 मार्च से 28 मार्च 2026 तक हर शनिवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से शाम 5:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3:45 बजे कानपुर सेंट्रल पहुँचेगी।वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 04151 प्रत्येक शुक्रवार (6 मार्च से 27 मार्च) को कानपुर से दोपहर 1:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अपने सफर में भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना और प्रयागराज जैसे बड़े स्टेशनों पर रुकेगी।
बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए विशेष इंतजाम
झांसी (वीरांगना लक्ष्मीबाई) और बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों के लिए पुणे से विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत ट्रेन नंबर 01921 हर गुरुवार (5 मार्च से 26 मार्च) को पुणे से दोपहर 3:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:00 बजे झांसी पहुँचेगी।
इसी तरह, हडपसर से झांसी के लिए ट्रेन नंबर 01923 हर रविवार शाम को संचालित की जाएगी। ये ट्रेनें दौंड, मनमाड, भुसावल, इटारसी, और रानी कमलापति (भोपाल) जैसे महत्वपूर्ण जंक्शन्स पर रुकेंगी।
इन सभी 240 होली स्पेशल ट्रेनों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया 23 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही है। यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या सीधे रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर जाकर अपनी सीटें बुक कर सकते हैं।
वहीं, जनरल टिकट पर यात्रा करने वालों के लिए UTS ऐप के जरिए टिकट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा आप रेल वन ऐप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।