
Janakpuri Child Death in Accident: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुए सड़क हादसे में 6 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। घटना 17 फरवरी की सुबह 7 बजकर 40 मिनट की है जब मर्जी जेवियर (57 वर्ष) अपनी नातिन के साथ ई-रिक्शा से जा रही थी। जनकपुरी फायर स्टेशन के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार कार आई और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा वहीं सड़क पर पलट गई, दोनों सवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इलाज के दौरान बच्ची ने तोड़ा दम
हादसे के बाद घायल हालत में दोनों को माता चानन देवी अस्पताल में ले जाया गया। वहीं बिगड़ती हालत देख कर उन्हें द्वारका के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान छोटी बच्ची ने दम तोड़ दिया। इसके बाद बच्ची का पोस्टमार्टम दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में कराया गया। वहीं घायल महिला मर्सी जेवियर का इलाज फिलहाल चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को ऐसे किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी, जांच के दौरान जिस कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी, उस कार की पहचान की गई, कई CCTV खंगालने के बाद आखिरकार कार की पहचान कर आरोपी तक पहुंचा जा सका। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक संजीव (पुत्र अशोक डाबस) जो वीपीओ माजरा डाबस का निवासी है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही के संकेत मिले हैं।
यह घटना दिल्ली की सड़कों पर बढ़ती लापरवाही और रोड सेफ्टी पर बड़े सवाल खड़े करती है। तेज रफ्तार से बचते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का सख्त पालन जरूरी है। इस हादसे से बच्ची के परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।