
केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर ऐसा बयान दिया है कि सियासी गलियारों में राजनीतिक तापमान बढ़ने वाला है। बीते दिनों संसद के बजट सत्र में राहुल गांधी के व्यवहार पर बोलते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि वो नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद बचकाना और गैर-जिम्मेदाराना हरकत करते हैं। इतना ही नहीं उन्होंंने यहां तक कह दिया कि ‘राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति’ है।
कांग्रेस द्वारा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर, केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “स्पीकर का काम कार्यवाही चलाना, सरकारी काम को आगे बढ़ाना और विपक्षी सांसदों को बोलने का मौका देना है। जिस तरह से वे स्पीकर के चैंबर में घुसे और अपना प्रदर्शन किया, हमारे स्पीकर ओम बिरला ने संयम और नरमी दिखाई। अगर सोमनाथ चटर्जी स्पीकर होते, तो शायद वे सभी को सस्पेंड कर देते।”
राहुल देश की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक-किरेन रिजिजू
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, राहुल गांधी आज के समय में भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति बन गए हैं। क्योंकि वह भारत विरोधी ताकतों के साथ जुड़े हुए हैं। अमेरिका, यूरोप या फिर देश में भी राहुल गांधी उनके लोगों के संपर्क में रहते हैं, जो भारत विरोधी अभियान में जुड़े रहते हैं। वह विदेश और देश में नक्सलियों, चरमपंथियों, विचारकों, जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं।”
धीरे-धीरे कांग्रेस राहुल गांधी जैसी हो गई-किरेन रिजिजू
वहीं, मणिशंकर अय्यर के बयान पर केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “कांग्रेस में मजबूत नेता थे जिनकी बातों और काम में मैच्योरिटी थी। लेकिन, धीरे-धीरे कांग्रेस राहुल गांधी जैसी हो गई है और उनके आस-पास रहने वाले लोग भी उनके जैसे हो गए हैं। हम सोच भी नहीं सकते थे कि कांग्रेस ऐसी हो जाएगी, लगातार तीन बार हारने के बाद भी वही नेता बने रहना। कोई BJP नेता तीन बार हारने के बाद नेता नहीं रह जाएगा।”