
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंच चुके हैं। सोमवार देर रात मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मुंबई पहुंचीं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर मैक्रों भारत की यात्रा पर हैं, जिनमें वो कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यह फ्रांसीसी राष्ट्रपति की भारत की चौथी यात्रा है और पहली बार वे मुंबई आए हैं। अब पीएम मोदी ने अपने दोस्त का खास अंदाज में स्वागत किया है।
राष्ट्रपति मैक्रों 16 फरवरी की देर रात मुंबई पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार समेत कई मिनिस्टर्स ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति मैक्रों और उनका प्रतिनिधिमंडल सीधे होटल ताज पहुंच। आज होटल ताज पैलेस में भारत-फ्रांस इनोवेशन फोरम का आयोजन होगा। मुंबई में द्विपक्षीय वार्ता के बाद मैक्रों दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इधर, दिल्ली आने से पहले पीएम मोदी ने अपने X पोस्ट पर मैक्रों के लिए खास संदेश लिखा है।
मैक्रों के स्वागत में पीएम मोदी ने लिखा खास पोस्ट
पीएम मोदी ने X पर लिखा है, भारत में आपका स्वागत है! भारत आपकी यात्रा और हमारे आपसी रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी बातचीत से अलग-अलग सेक्टर में सहयोग और मजबूत होगा और वैश्विक प्रगति में योगदान को भी आगे बढ़ाएगा। मुंबई में और फिर दिल्ली में मिलते हैं, मेरे दोस्त @EmmanuelMacron
मुंबई में पीएम मोदी और मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता
आज 17 फरवरी को मुंबई के लोक भवन में पीएम मोदी और मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इन बैठकों के दौरान, वे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। उनकी चर्चा रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने और इसे नए तथा उभरते क्षेत्रों में और विस्तारित करने पर केंद्रित होगी। शाम लगभग 5:15 बजे, दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के व्यवसायिक नेताओं, स्टार्ट-अप, शोधकर्ताओं और अन्य नवोन्मेषकों के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
AI समिट में हिस्सा लेंगे फ्रांसीसी राष्ट्रपति
इसके बाद बुधवार (18 फरवरी) को फ्रांसीसी राष्ट्रपति मुंबई से दिल्ली पहुंचेंगे और वह यहां भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेंगे। गुरुवार (19 फरवरी) को मैक्रों उद्घाटन समारोह, कंट्री पवेलियंस का दौरा रहेंगे और लीडर्स प्लेनरी और वर्किंग लंच में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देगा, खासकर इनोवेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में। पीएम मोदी और मैक्रों क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।