
Sarkari Naukri 2026: सरकारी नौकरी की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए सुनहरा मौका सामने आया है। गोवा के कर्मचारी चयन आयोग (GSSC) ने 722 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है, जिसमें रेंज वन अधिकारी, पुलिस कांस्टेबल, वन रक्षक, सहायक अधीक्षक सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी। GSSC की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार गोवा कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
जीएसएससी (GSSC) द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यह भर्ती ग्रुप-सी स्तर के विभिन्न पदों के लिए निकाली गई है। इसमें कुल 722 रिक्तियों का डिटेल जारी कर दिया गया है। भर्ती के प्रमुख पदों में पुलिस कांस्टेबल की बड़ी संख्या शामिल है, जिसमें पुरुष (302), महिला (58), सशस्त्र पुलिस (119) और कांस्टेबल ड्राइवर (111) के पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, तकनीकी और सहायक भूमिकाओं के लिए कांस्टेबल ग्रीसर (1), कांस्टेबल इलेक्ट्रीशियन (1), लास्कर (5) और एस्कॉर्ट (2) की रिक्तियां हैं।
वन विभाग के अंतर्गत रेंज वन अधिकारी (13), गोल वनपाल (23) और वन रक्षक (9) के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। वहीं, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्लाटून कमांडर (4), सहायक अधीक्षक (4), वार्डन (60) और मैट्रन (10) के पदों को भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
20 फरवरी से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 फरवरी 2026 से शुरू हो जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार गोवा कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट gssc.goa.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 13 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल होगी। लिंक सक्रिय होने के बाद उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी। फॉर्म भरते समय विशेष सावधानी बरतनी अनिवार्य है, क्योंकि किसी भी प्रकार की गलत जानकारी पाए जाने पर आवेदन को तुरंत निरस्त किया जा सकता है।
इसके अलावा, दिए गए निर्देशों के अनुसार जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना होगा। चयन प्रक्रिया और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।