
भारत के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला 17 फरवरी को ढाका में तारिक रहमान के बांग्लादेश PM के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह में नई दिल्ली का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार शाम को न्योता दिया गया था, लेकिन उसी दिन मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ तय मीटिंग के कारण वे शामिल नहीं हो पाएंगे।
आपको बता दें कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरपर्सन तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश की नई चुनी हुई सरकार 17 फरवरी को शपथ लेने वाली है। इस समारोह में शामिल होने के लिए भारत समेत 13 देशों को बुलाया गया है।
ये न्योते अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस की देखरेख में जारी किए गए, जिन्होंने सत्ता बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। अब तक जिन देशों को न्योता दिया गया है, उनमें चीन, सऊदी अरब, तुर्की, भारत, पाकिस्तान, यूनाइटेड अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं।
भारत दौरे पर आ रहे फ्रांस के राष्ट्रपति
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 16-19 फरवरी तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वो मुंबई और दिल्ली की यात्रा करेंगे। उनके साथ फर्स्ट लेडी मैडम ब्रिगिट मैक्रों भी होंगी।
फ्रांस के राष्ट्रपति 16 फरवरी को मुंबई पहुंचेंगे और 17 फरवरी को महाराष्ट्र की राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों लीडर इसके बाद AI इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे।