
Mumbai News: मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में आज बड़ा हादसा हो गया है। यहां दोपहर के वक्त एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर के सीमेंट का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में नीचे से गुजर रही कई गाड़ियां आ गईं। पिलर का एक हिस्सा ऑटो रिक्शा पर भी आ गिरा।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार को करीब 12 बजकर 20 मिनट पर हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
मौके पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची
सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम, मेट्रो प्राधिकरण के कर्मचारी, वार्ड स्टाफ और एंबुलेंस पहुंची। राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है।
BMC का कहना है, ‘आज दोपहर 12.20 बजे जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी, LBS रोड, मुलुंड (W) के पास मेट्रो पिलर का एक हिस्सा गिरा। कंस्ट्रक्शन के दौरान मेट्रो पिलर का एक हिस्सा टूटकर एक रिक्शा पर गिर गया। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड स्टाफ और 108 एम्बुलेंस सर्विस मौके पर मौजूद हैं।’
हादसे के बाद का वीडियो आया सामने
हादसे के बाद का वीडियो सामने आया है, जिसमें सीमेंट का काफी बड़ा ढांचा गिरा हुआ नजर आ रहा है। ये ऑटो रिक्शा के पिछले हिस्से पर गिरा, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी पिचके ऑटो में एक शख्स नजर आ रहा है, जो चालक हो सकता है।
वहीं हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। कुछ लोग पिलर के नीचे दबे लोगों की मदद को आगे आए और उन्हें बचाने की कोशिश में जुट गए। इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया है।