
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। शुक्रवार को बजट सत्र का पांचवां दिन भी हंगामेदार रहा। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। अपनी सरकारी की उपलब्धियों को गिनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में उपद्रव नहीं, उत्सव होता है। प्रदेश अब तेजी से विकास कर रहा है। वहीं, सपा बरसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले सत्ता के संरक्षण में पल रहे गुंडे माफिया सरकार चला रहे थे।
विधानसभा में अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा, महामहिम राज्यपाल ने जो अपनी बातें सदन में रखी थीं, मैं दो-तीन बातें प्रमुखता से दोहराते हुए कहना चाहता हूं कि 6 करोड़ से अधिक की आबादी को पिछले आठ वर्ष के अंदर सरकार के द्वारा किए गए सतत प्रयास से, डबल इंजन सरकार के द्वारा उन्हें बहुआयामी गरीबी की रेखा से ऊपर किया गया है। ये नीति आयोग के वे आंकड़े हैं,जो देशभर में लागू विकासपरक और कल्याणकारी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम को दर्शाते हैं।
सायरना अंदाज में सीएम योगी ने सपा पर कसा तंज
वहीं, सपा पर बरसते हुए सीएम योगी ने कहा कि “राज्य की छवि अचानक खराब नहीं हुई थी। एक समय सरकार के आचरण से बिटिया घबराती थी और व्यापारी कारोबार समेटता था। उसकी एक झलक अभी अभिभाषण के दौरान भी देखने को मिली। सपा और मुख्य विपक्षी दलों के आचरण के कारण उत्तर प्रदेश का पूरा सदन आहत महसूस कर रहा है। पिछले 9 सालों में बहुत कम समय ऐसा था जब सदन की कार्रवाई बाधित हुई।” विपक्ष पर सायराना अंदाज में तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा, ‘उम्र भर मैं यही भूल रहा था। धूल चेहरे पे थी और मैं आईना साफ करता रहा।'”
ये माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं-CM योगी
सीएम योगी अपने संबोधन में आगे कहा कि 2017 से पहले सत्ता के संरक्षण में पल रहे गुंडे माफिया सरकरार चला रहे थे। कानून चंद हाथों की जागीर बन चुकी थी। दंगा और कर्फ्यू आम बात हो गई थी। त्योहार-पर्व आस्था नहीं दंगा की बात बन गए थे। मगर आज प्रदेश में उपद्रव नहीं, उत्सव होता है। ये माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं और राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, कांवड़ यात्रा, अयोध्या दीपोत्सव का विरोध करते हैं। राम मंदिर के खिलाफ वकीलों की फौज खड़ी कर दी थी, राम भक्तों पर गोलियां भी सपा के शासनकाल में ही चला।
उत्तरप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है- सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज उत्तरप्रदेश बीमारू राज्य नहीं है,आज प्रदेश टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट एंड ट्रांसफॉर्मेशन (TTT ) की त्रिवेणी के रूप में बनकर उभरा है, उत्तरप्रदेश की त्रिवेणी प्रयागराज में मिलती है, लेकिन अब पूरा यूपी उस त्रिवेणी का प्रतीक बना है। प्रदेश ने विकास करते हुए देश की टॉप थ्री इकोनॉमी में जगह बनाई है। यह यात्रा सत्ता प्राप्त करने की होड़ नही है, इसके लिए सरकार की स्पष्ट नीति, साफ नियत थी, दृढ़ इच्छाशक्ति थी, सुशासन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हमने विश्वास भरा। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण, आपात कालीन सेवाएं, अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेट अपनाया जा रहा है।