![]()
औरंगाबाद में ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे एक साइकिल सवार एनटीपीसी कर्मी की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई। घटना नरारी कलां थाना क्षेत्र के एनटीपीसी बारुण रोड में मेह गांव के पास हुई। मृतक की पहचान सदुरी कर्मा गांव निवासी 45 साल के संजय लाल के रूप में की गई है। संजय लाल एनटीपीसी में मेहनत-मजदूरी का काम करते थे। बुधवार की शाम वह ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेह के पास एनएच-139 पर सड़क पार करने के क्रम में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय लाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। बेटा और बेटी के सिर से उठा पिता का साया घटना की सूचना मिलते ही नरारी कलां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों ने बताया कि संजय लाल परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने अब भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मृतक के आश्रितों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग समाजसेवी राधे प्रसाद ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संजय लाल मेहनतकश और सज्जन व्यक्ति थे। उनके निधन से परिवार पूरी तरह बेसहारा हो गया है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
Source link