
लोकसभा में आज विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। राहुल ने भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड इकोनॉमी करार दिया तो जेफरी एपस्टीन फाइल्स से भी हरदीप सिंह पुरी की मुलाकात का दावा किया। अब उनके आरोपों पर केंद्रीय मंत्री का पलटवार आया है। उन्होंने कांंग्रेस नेता के सारे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। राहुल पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, ऐसे बयान उनकी पुरानी आदत का हिस्सा हैं।
लोकसभा में LoP राहुल गांधी के सदन में दिए भाषण पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, “हमारे पास एक युवा नेता हैं जिन्होंने आज संसद के सामने कुछ बातें रखीं। उन्हें बेबुनियाद आरोप लगाने की आदत है। दो तरह के नेता होते हैं, वे जो पॉलिटिकल सिस्टम में जिम्मेदारी लेते हैं और अपनी जिंदगी समाज सेवा, देश को बदलने में लगा देते हैं, और वे जो अपनी जिंदगी लगा देते हैं और यह पक्का करते हैं कि उनके जीवनकाल में देश 10वीं सबसे बड़ी इकॉनमी से तीसरी सबसे बड़ी इकॉनमी बन जाए।”
मैं राहुल के कहना चाहता हूं कि थोड़ा पढ़िए-हरदीप पुरी
हरदीप सिंह पुरी ने आगे कहा, “फिर दूसरे नेता भी हैं जो कभी-कभी देश में आते हैं, और जब वे संसद में आते हैं, तो जब कोई उन्हें कोई ठोस जवाब देता है और उनकी बात नहीं सुनता तो वे सदन से चले जाते हैं। वह आज अपनी ही स्पीच के बाद चले गए। आज, जब राहुल गांधी बजट पर बोलने आए। उन्होंने कहा कि हमारा इंटरनेशनल इंटरैक्शन किसी तरह के प्रेशर में बंधक बना हुआ है। मैं राहुल को कहना चाहता हूं कि थोड़ा पढ़िए। भारत की GDP का 50% एक्सटर्नल सेक्टर में है जो एक्सपोर्ट और इम्पोर्ट किए गए गुड्स और सर्विसेज की वैल्यू है, रेमिटेंस है। भारत के लिए यह बहुत जरूरी है कि हमारे इंटरनेशनल एग्रीमेंट और ट्रेड एग्रीमेंट, FTA हों। किस दूसरे देश ने इतने कम समय में 9 ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं?”
जेफरी एपस्टीन से नाम जोड़ने पर क्या बोले हरदीप पुरी?
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जेफरी एपस्टीन से अपना नाम जोड़ने पर विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह एपस्टीन से सिर्फ कुछ मौकों पर और एक डेलीगेशन के हिस्से के तौर पर मिले थे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने उनके साथ सिर्फ एक ईमेल का लेन-देन किया था। हमारी बातचीत का कोई लेना-देना नहीं था।उन्होंने कहा, “मुझे एपस्टीन की एक्टिविटीज में कोई दिलचस्पी नहीं थी।
संसद में क्या बोले राहुल गांधी?
बता दें कि संसद में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हरदीप पुरी पर आरोप लगाते हुए कहा था, “एक व्यापारी अनिल अंबानी हैं, मैं पूछना चाहता हूं कि वह जेल में क्यों नहीं हैं? वजह यह है कि उनका नाम एपस्टीन फाइल्स में है। मैं हरदीप पुरी से भी पूछना चाहूंगा कि उन्हें एपस्टीन से किसने मिलवाया। मुझे पता है कि उन्हें किसने मिलवाया, और हरदीप पुरी जानते हैं कि उन्हें किसने मिलवाया।”