
BPSC TRE-4 New Rules: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है। बिहार शिक्षा विभाग और बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के बीच चल रही उच्च स्तरीय चर्चाओं के अनुसार, आगामी चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) की चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया जा सकता है। आयोग इस बार ‘वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट’ (One Candidate-One Result) का सिस्टम लागू करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
तीन श्रेणियों में चुन लिया जाता था एक कैंडिडेट
बता दें, अब तक की शिक्षक भर्तियों (टीआइई-1, टीआरई-2 और टीआरई-3) में यह देखा गया कि एक ही अभ्यर्थी अपनी योग्यता के आधार पर प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक, तीनों श्रेणियों के लिए चुन लिया जाता था। इस वजह से एक ही व्यक्ति के नाम पर तीन सीटें आवंटित हो जाती थीं। बाद में, वह अभ्यर्थी किसी एक ही सीट पर जॉइन करता था और बाकी दो सीटें खाली रह जाती थीं।
इस प्रक्रिया के कारण हजारों योग्य उम्मीदवार चयन की दौड़ से बाहर हो जाते थे और विभाग को बार-बार सप्लीमेंट्री रिजल्ट की मांग का सामना करना पड़ता था। लेकिन, टीआरई-4 में इस नए फार्मूले के लागू होने के बाद भर्ती में आ रही यह समस्या दूर हो जाएगी।
क्या है वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट फार्मूला?
नया फॉर्मूला लागू होने के बाद, यदि कोई अभ्यर्थी कई स्तरों (Primary, Middle, Secondary) की परीक्षा देता है और सभी में सफल होता है, तब भी मेधा सूची और उसकी प्राथमिकता (Preference) के आधार पर उसे केवल एक ही पद के लिए अंतिम रूप से चयनित किया जाएगा।
इससे एक अभ्यर्थी द्वारा कई सीटों को Block करने की समस्या खत्म हो जाएगी। शिक्षा विभाग के अनुसार, इस सिस्टम से वेटिंग लिस्ट का झंझट कम होगा और वास्तविक रूप से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति मिल सकेगी।
बिहार शिक्षक के चौथे चरण की भर्ती के तहत करीब 44,000 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति प्रस्तावित है। इसमें कक्षा 1 से 8 तक के लिए 19,000 पद, कक्षा 9 से 10 के लिए 12,000 पद और कक्षा 11 से 12 तक के लिए 13,000 पदों पर भर्तियां होनी हैं। इस भर्ती में विशेष रूप से गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स जैसे विषयों के शिक्षकों पर फोकस किया जाएगा।
बिहार की मूल निवासी महिला अभ्यर्थियों के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलता रहेगा, हालांकि ‘वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट’ का नियम उन पर भी लागू होगा। बिहार के शिक्षा मंत्री के अनुसार, टीआरई-4 की आधिकारिक अधिसूचना जल्द ही जारी की जा सकती है।