![]()
लखीसराय के किऊल खगौर स्थित खेल मैदान में लखीसराय जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में महिला फुटबॉल लीग मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने जिले में महिला खेल प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान किया है। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों से कुल 32 टीमों की लगभग 400 महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और खेल भावना देखने को मिली। दर्शकों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला महिला फुटबॉल लीग मैच का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी मिथलेश मिश्र, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, स्थानीय मुखिया जूली कुमारी तथा जिला फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मैदान में उपस्थित दर्शकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। 32 टीमों की चार सौ लड़कियां ले रही हिस्सा इस अवसर पर जिलाधिकारी मिथलेश मिश्र ने कहा कि यह लखीसराय जिले के लिए गर्व की बात है कि जिले के विभिन्न विद्यालयों की 32 टीमों की लगभग चार सौ लड़कियां इस फुटबॉल लीग में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने बताया कि इस लीग मैच का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों की पहचान करना है। बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को जिला फुटबॉल एसोसिएशन में शामिल किया जाएगा तथा मार्च माह में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आगे बताया कि इस लीग मैच के माध्यम से कुल 60 महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। खेल से लड़कियों में आत्मविश्वास का विकास होगा चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और लखीसराय जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से लड़कियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। वहीं सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल ने महिला फुटबॉल लीग में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल के क्षेत्र में उनकी भागीदारी प्रेरणादायक है। उन्होंने जिला प्रशासन और फुटबॉल एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
Source link