![]()
भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर पटना आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला बिहार आगमन होगा। उनके आगमन को लेकर बिहार भाजपा में खासा उत्साह है और पार्टी स्तर पर भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उनके स्वागत की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज पटना में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में स्वागत कार्यक्रम, संगठनात्मक बैठकों और दौरे के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बिहार की मिट्टी के लाल हैं नितिन नवीन- संजय सरावगी बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, ‘बिहार की मिट्टी के लाल और हमारे अपने नितिन नवीन जी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका पहला आगमन 9 और 10 फरवरी को अपने ही प्रदेश बिहार में हो रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।’ 9 फरवरी को बापू सभागार में भव्य नागरिक अभिनंदन प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि, ‘9 फरवरी को पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। इस दौरान नागरिक अभिनंदन समारोह के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे।’ राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ होगी विधानमंडल दल की बैठक नितिन नवीन के दौरे के दौरान भाजपा विधानमंडल दल की भी बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और प्रदेश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। संजय सरावगी ने बताया कि जब नितिन नवीन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में बिहार आए थे, तब भाजपा की ओर से मिलर हाई स्कूल ग्राउंड में उनका भव्य अभिनंदन किया गया था। इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका अभिनंदन बापू सभागार में किया जाएगा, जिसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। 10 फरवरी को विधानसभा जाएंगे नितिन नवीन संजय सरावगी ने बताया कि, ‘राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विधायक भी हैं, ऐसे में 10 फरवरी को वे विधायक के नाते बिहार विधानसभा जाएंगे। इस दिन भी उनका कार्यक्रम लगातार और व्यस्त रहेगा। नितिन नवीन ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के आवास पर जाने की इच्छा भी व्यक्त की है, जिस पर पार्टी स्तर पर कार्यक्रम तय किया जा रहा है। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।’ भाजपा उनके प्रथम बिहार आगमन को बनाएगी यादगार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, ‘दोनों ही दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम लगातार रहेगा और उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।’ भाजपा उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहले बिहार आगमन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
Source link