![]()
सीवान के एम एच नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टरिला मोड़ के समीप शब्बे बारात के मौके पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शब्बे बारात की सामग्री की खरीदारी कर घर लौट रहे एक युवक को अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी
मृतक की पहचान तेलकथू गांव निवासी मुस्ताक खान के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मुस्ताक शब्बे बारात के त्योहार को लेकर हसनपुरा बाजार से खरीदारी कर वापस अपने गांव तेलकथू लौट रहे थे। इसी दौरान टरिला मोड़ के पास अचानक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुस्ताक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। सड़क पर भीड़ जमा होती देख राहगीरों ने पास जाकर देखा तो पाया कि सड़क पर पड़े व्यक्ति की पहचान गांव के ही पड़ोसी मुस्ताक खान के रूप में हुई। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही एम एच नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी
इस संबंध में एम एच नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया, जहां एक युवक की मौत की पुष्टि हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार वाहन चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source link