
Weather Report, 3 February 2026: उत्तर भारत के कई इलाकों में घने कोहरे का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली की मंगलवार (3 फरवरी) की सुबह भी कुछ ऐसी रही। राजधानी घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई। इस दौरान दिल्ली के आसपास के इलाकों में बेहद कम विजिबिलिटी दर्ज हुई।
दिल्ली-NCR में विजिबिलिटी बेहद कम
दिल्ली NCR में पिछले 24 घंटे के दौरान घना कोहरा छाया हुआ है। सोमवार (2 फरवरी) को दिनभर धूप नहीं निकली। इस बीच करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चलती रहीं। मौसम विभाग की मानें तो कोहरे का असर अभी कम होने वाला नहीं है। आज भी सुबह से दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बेहद घना कोहरा छाया हुआ है।
इसी को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विजिबिलिटी बेहद कम होने की वजह से लोगों को कोहरे में गाड़ी लेकर संभलकर चलाने की चेतावनी दी गई है। दिल्ली- NCR में आज अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
इन राज्यों में आज हो सकती है बारिश
दिल्ली ही नहीं देश के कई और राज्य कोहरे की मार अभी और झेलेंगे। इसमें पंजाब, हरियाणा, उत्तरी मध्य प्रदेश में और उत्तर प्रदेश शामिल हैं, जहां 4 और 5 फरवरी तक भयंकर घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पूर्वांचल में 3 और 4 फरवरी को गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, वाराणसी, आजमगढ़ तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
जहां इन राज्यों में घने कोहरे ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा रखी हैं, तो वहीं कुछ जगहों पर इस बीच ही बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य भारत के 10 राज्यों में बारिश की आशंका जताई है। इसमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र शामिल हैं। यहां कई इलाकों में बादल बरस सकते हैं, जिससे ठंड फिर बढ़ने के आसार हैं।