![]()
खगड़िया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से लापता चार वर्षीय बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है। इस मामले में खगड़िया पुलिस ने विस्तृत कार्रवाई की है, जिसकी जानकारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है। 30 जनवरी को सुबह 10 बजे से लापता थी बच्ची पुलिस के अनुसार, रहीमपुर पचखुट्टी निवासी अभिषेक कुमार की चार वर्षीय बेटी 30 जनवरी को सुबह करीब 10 बजे अपने घर के पास से लापता हो गई थी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सघन खोजबीन शुरू की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खगड़िया राकेश कुमार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 मुकुल कुमार रंजन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मुकुल कुमार रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह भी शामिल थे। 31 जनवरी से डॉग स्क्वॉयड और ड्रोन कैमरे की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान, 1 फरवरी 2026, रविवार को बच्ची का शव उसके घर के पास एक सेफ्टी टैंक के गड्ढे से एसडीआरएफ टीम की सहायता से बरामद किया गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और सभी निर्धारित मानकों का पालन किया। एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि मेडिकल टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेजा। इस मामले में मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link