![]()
मधेपुरा के एक निजी स्कूल से दस दिन पूर्व लापता हुए आठवीं कक्षा के छात्र को पुलिस ने रविवार को सहरसा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। छात्र की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। मामला मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। सरस्वती पूजा के दिन स्कूल से हुआ था फरार वार्ड दो स्थित आवासीय रामकृष्ण विद्या मंदिर स्कूल में रहकर पढ़ाई करने वाला आठवीं कक्षा का छात्र निशु कुमार 23 जनवरी को सरस्वती पूजा के दिन स्कूल से अचानक फरार हो गया था। उस दिन वह अपने सहपाठी प्रियांशु के साथ घर के लिए निकला था। प्रियांशु सुरक्षित अपने घर पहुंच गया, लेकिन निशु कुमार घर नहीं पहुंच सका। परिजनों ने थाना में लापता होने की शिकायत की इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजन काफी परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। थक-हारकर परिजनों ने सदर थाना में आवेदन देकर छात्र के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र की खोजबीन शुरू की। पुलिस पदाधिकारी लक्ष्मी नारायण महतो और सचिन कुमार ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार प्रयास जारी रखे। पुलिस ने सहरसा रेलवे स्टेशन से किया बरामद रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने सहरसा रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर छात्र निशु कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर छात्र ने बताया कि वह पढ़ाई के डर के कारण स्कूल से भाग गया था। उसने बताया कि पहले वह मधेपुरा से पटना चला गया, वहां कुछ दिन इधर-उधर भटका और फिर पटना से वापस लौटकर सहरसा पहुंच गया, जहां वह रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में घूम रहा था। प्राचार्य बोले-स्कूल प्रबंधन लगातार तलाश में जुटा था विद्यालय के प्राचार्य रामनरेश कुमार ने बताया कि छात्र के लापता होने के बाद से ही स्कूल प्रबंधन भी लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ था। छात्र की सकुशल बरामदगी से स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी राहत महसूस की है। बताया गया कि निशु कुमार का घर मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दीनापट्टी वार्ड पांच में है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर छात्र को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
Source link