![]()
रेलवे प्रशासन ने परिचालनिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए सीवान से चलने वाली कुछ सवारी गाड़ियों को पूर्व में रद्द किया गया था, जिसकी अवधि अब पुनः बढ़ा दी गई है। इस निर्णय का सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ रहा है जो प्रतिदिन नौकरी, व्यवसाय, पढ़ाई या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए रेल यात्रा पर निर्भर रहते हैं। खासकर दैनिक सफर करने वाले कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 55041 सीवान–गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी निरस्त वाराणसी रेल मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी अशोक कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सीवान से चलने वाली चार सवारी गाड़ियों को फरवरी माह के मध्य तक निरस्त रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 02 से 16 फरवरी तक चलने वाली 55041 सीवान–गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी, जबकि 01 से 15 फरवरी तक चलने वाली 55042 गोरखपुर कैंट–सीवान सवारी गाड़ी भी रद्द रहेगी। इसके अलावा, 02 से 16 फरवरी तक चलने वाली 55122 सीवान–समस्तीपुर सवारी गाड़ी और उसी अवधि में 55121 समस्तीपुर–सीवान सवारी गाड़ी भी निरस्त रहेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार परिचालनिक कारणों और संसाधनों के समायोजन के चलते यह निर्णय लिया गया है। ट्रेनों के रद्द होने से सबसे अधिक असर सीवान, गोरखपुर और समस्तीपुर रेलखंड पर प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ा है। कई कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं छात्रों को भी वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। निजी वाहनों या बसों से यात्रा करने पर यात्रियों को अतिरिक्त समय और खर्च वहन करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन अन्य ट्रेनों का शीघ्र संचालन करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। फिलहाल रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था करें।
Source link