![]()
औरंगाबाद में तेज रफ्तार बाइक के चपेट में आकर एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। घटना जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देव-मदनपुर एसएच 101 पर रंगा बिगहा गांव स्थित नहर के पास हुई।मृतक की पहचान रंगा बीघा गांव निवासी नरेश प्रजापति 68 के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार नरेश प्रजापति शुक्रवार को अपने घर से बगल के गांव महुआईन में एक ब्रह्म भोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे रंगा बीघा नहर के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। प्राइमरी हेल्थ सेंटर से सदर अस्पताल रेफर किया, डॉक्टरों ने मृत बताया घटना के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन आनन -फानन में घटनास्थल पर पहुंचे तथा ग्रामीणों की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद नरेश प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंपा गया शव मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और धक्का मार कर भागने वाले बाइक चालक का पता लगाया जा रहा है। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।वहीं रंगा बिगहा गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि एसएच 101 का नए सिरे से निर्माण कराया जा रहा है। सड़क अच्छी होने के कारण वाहनों की स्पीड बढ़ गई है। जिसके कारण उक्त सड़क पर सड़क दुर्घटना की संख्या में भी वृद्ध हुई है। पिछले दिनों उक्त सड़क पर सीमेंट लदा एक मालवाहक टेंपो पलटने से कोचिंग जा रहा है छात्र की मौत हो गई थी। उक्त घटना के कुछ दिन के बाद ही दूसरी घटना हो गई।
Source link