![]()
गयाजी के बोधगया प्रखंड के अलग अलग थाना क्षेत्र से एक एक शव की बरामदगी से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो अज्ञात वृद्धों के शव बरामद किए हैं। पहला मामला मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का है जबकि दूसरा शव बोधगया थाना क्षेत्र से मिला है। लगातार दो घटनाओं से इलाके में दहशत है और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के यूनिवर्सिटी कैंपस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कैंपस के भीतर एक अज्ञात वृद्ध का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। शव चित अवस्था में पड़ा था। सिर पश्चिम दिशा की ओर, जबकि पैर घुटने से मुड़े हुए पूरब दिशा में थे। दोनों आंखें बंद थीं, लेकिन आंखों के पास खून के निशान सूखे हुए मिले। सिर पर भी खून के स्पष्ट निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका, फंदा कसने के निशान प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक के गले पर जैकेट की डोरी का फंदा कसने के संकेत मिले हैं। माना जा रहा है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। शव के पास से दस्ताने, कुछ टैबलेट, शाल, टोपी, बीड़ी का पैकेट और जैकेट बरामद हुआ है। दाहिने हाथ में काला धागा भी बंधा मिला, जो पहचान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सूचना मिलते ही मगध विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संदीप चौहान ने घटनास्थल की घेराबंदी कराई और एफएसएल टीम को बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच की और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया, जहां शव को शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। बोधगया में बांग्लादेश बौद्ध मठ के गेट के पास मिली लाश इधर, दूसरी घटना बोधगया थाना क्षेत्र की है। यहां पुलिस चेकपोस्ट के पीछे और बांग्लादेश बौद्ध मठ के गेट के पास एक अन्य अज्ञात वृद्ध का शव बरामद किया गया। बोधगया थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इस मामले में भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। एक ही दिन में दो अलग-अलग इलाकों से अज्ञात शव मिलने से शहर में भय का माहौल है। मगध यूनिवर्सिर्टी थाना ध्यक्ष संदीप चौहान का कहना है कि पुलिस दोनों मामलों को गंभीरता से ले रही है। पहचान, मौत के कारण और दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच होगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link