
पंजाब पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को गिरफ्तार किया है। यह घटना श्री मुक्तसर साहिब जिले में हुई है, जहां पुलिस ने रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के एक पुराने मामले में एक्शन लिया।
पुलिस ने एक्शन लेते हुए शमशेर सिंह और उनकी पत्नी प्रीतपाल कौर को गिरफ्तार किया है। दोनों श्री मुक्तसर साहिब के आदर्श नगर में रहते हैं। पुलिस ने उन्हें सोमवार को गिरफ्तार किया, जबकि मामला दिसंबर 2024 का है।
यह FIR थाना सदर, श्री मुक्तसर साहिब में 3 दिसंबर 2024 को दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता सतनाम सिंह के बयान पर केस दर्ज हुआ था। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(1) और 351(3) के तहत आरोप लगाए गए हैं, जो गंभीर चोट पहुंचाने की कोशिश, आपराधिक धमकी और आपराधिक बल प्रयोग से जुड़ी हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला रंगदारी वसूली और मौत की धमकी से संबंधित है, जिसमें गोल्डी बराड़ के परिवार के सदस्यों का नाम आया। सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पहले से ही कनाडा में फरार है और भारत में कई गंभीर मामलों में वांछित है, जिसमें सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड भी शामिल है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ माना जाता है और भारत सरकार ने उसे आतंकी घोषित किया हुआ है।
श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने इस गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। आरोपी दंपति को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उनके रिमांड और आगे की जांच पर फैसला होगा। पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रही है ताकि गोल्डी बराड़ के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का भी पता लगाया जा सके।
गोल्डी बराड़ कौन है और उसकी प्रमुख गतिविधियां
गोल्डी बराड़, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी रहा है और उसके गैंग का महत्वपूर्ण सदस्य माना जाता था। वह मुख्य रूप से कनाडा से ऑपरेट करता है और भारत में हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती मांगने, धमकी देने और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल होने का आरोप है।
उसपर 29 मई 2022 को हुई पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड होने का आरोप। गोल्डी बराड़ ने खुद इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। भारत सरकार ने जनवरी 2024 में उसे UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी है। वह खालिस्तान समर्थक समूहों से भी जुड़ा हुआ बताया जाता है। हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई के साथ उसके संबंधों में दरार की खबरें आई हैं।