![]()
दीपावली पर खगड़िया जिले में मां काली की पूजा-अर्चना हुई। रविवार रात पूजा के बाद मंदिरों के पट खुलते ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे। खगड़िया सदर, परबत्ता, गोगरी, अलौली, बेलदौर, चौथम और मानसी के मंदिरों में भक्तों की कतारें लगीं। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मानसी के बम काली मंदिर में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु मानसी के प्रसिद्ध मां बम काली मंदिर में पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। दूर-दराज के इलाकों से आए भक्तों ने मां के दर्शन किए। मन्नत पूरी होने पर कुछ श्रद्धालुओं ने सोने-चांदी के आभूषण और दूसरी कीमती वस्तुएं चढ़ाईं। मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन का सिलसिला जारी रहा। मनपुरनी मां कालिके मंदिर में दो दिवसीय मेले की शुरुआत उत्तरी हाजीपुर सन्हौली स्थित मनपुरनी मां कालिके मंदिर में दीपावली पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया गया है। रविवार रात पूजा और बलिदान के बाद मंदिर के पट खोले गए। सोमवार सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों के बीच महाबलि प्रसाद बांटा गया। सोमवार देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। मेला समिति के अध्यक्ष प्रकाश राम ने बताया कि मंगलवार, 10 नवंबर को धार्मिक अनुष्ठान के तहत हवन होगा। इसके बाद शाम को मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से कराने में जुटे हैं। जिलेभर के काली मंदिरों में सजा पूजा का पंडाल दीपावली के मौके पर जिले के विभिन्न काली मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिरों में पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण और धार्मिक आयोजनों के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। परबत्ता, गोगरी, अलौली, बेलदौर, चौथम और खगड़िया के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी मां काली की पूजा को लेकर खास उत्साह देखा गया। देर रात तक मंदिरों में भक्तों का आना-जाना लगा रहा। पूरे जिले में दीपावली के साथ मां काली की आराधना से माहौल भक्तिमय बना रहा।
Source link