![]()
दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में रविवार देर शाम चचेरे भाई ने घर में घुसकर 40 साल के काशी ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी कुमोद ठाकुर ने पिस्टल से काशी के मुंह में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, काशी ठाकुर अपने घर में बैठा था। इसी दौरान उसका चचेरा भाई कुमोद ठाकुर वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। मामूली विवाद के दौरान ही कुमोद ने पिस्टल निकालकर काशी के मुंह में पिस्टल डालकर गोली चला दी। भागने के दौरान बाइक से व्यक्ति को मारी टक्कर हत्या के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगा। करीब दो किलोमीटर आगे बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में उसने एक व्यक्ति को बाइक से टक्कर मार दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की पिटाई की और उसे पकड़कर बांध दिया। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को लिया घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी प्रभाकर तिवारी और बिरौल थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source link