![]()
नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगल कुआं देवी स्थान मोहल्ले में शनिवार शाम एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा इलाका काले धुएं से घिर गया। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। मिश्रा टेंट हाउस के गोदाम में भड़कीं लपटें प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम मोगल कुआं स्थित मिश्रा टेंट हाउस के गोदाम से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलती देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू सूचना मिलते ही अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने आग को चारों तरफ से घेरकर काफी मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह काबू पाया। कुर्सियां, मेज और सजावटी फर्नीचर जले अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि गोदाम में रखी कुर्सियां, मेज और सजावटी फर्नीचर जलकर नष्ट हो गए। समय रहते आग पर काबू पा लेने से लपटें आसपास के रिहायशी मकानों तक नहीं पहुंचीं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पांच लाख से अधिक के नुकसान की आशंका प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, अगलगी में पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की आशंका है। टेंट हाउस संचालक वास्तविक क्षति का आकलन कर रहे हैं। वहीं, आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है।
Source link